Latest

'तिरंगे' की छांव में कैसे रचे जा रहे हैं देशभक्ति और सियासत के नए समीकरण।

Editor : Anjali Mishra | 13 May, 2025

भारतीय जनता पार्टी 13 मई से 23 मई देशव्यापी ‘तिरंगा यात्रा’ निकालने जा रही है।

'तिरंगे' की छांव में कैसे रचे जा रहे हैं देशभक्ति और सियासत के नए समीकरण।

Source or Copyright Disclaimer


देश की सरहदों पर जब-जब दुश्मनों ने निगाह उठाई है, भारतीय सेना ने उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद अब भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रभक्ति की इस भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशभर में निकालने जा रही है। ‘तिरंगा यात्रा’।

इस बीच विपक्ष की ओर से सरकार पर सीजफायर को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं, तो भाजपा अब जमीन पर उतरकर अपना पक्ष मजबूती से रखने की तैयारी में है।

देश ने जब ऑपरेशन सिंदूर के ज़रिए आतंक के ठिकानों पर करारा वार किया, तब सिर्फ़ सीमा पर नहीं, दिलों में भी लहर उठी राष्ट्रगौरव की।

अब इसी शौर्यगाथा को घर-घर तक पहुँचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी 13 मई से देशव्यापी ‘तिरंगा यात्रा’ निकालने जा रही है। यह यात्रा 23 मई तक चलेगी।इस दस दिवसीय यात्रा का मकसद है- सेना के शौर्य को सलाम, और राष्ट्रगौरव की भावना को जनजागरूकता में बदलना।


दिल्ली से बनी रणनीति, देशभर में दिखेगा असर

इस ऐतिहासिक यात्रा का निर्णय सोमवार को दिल्ली में BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया। बैठक में तय हुआ कि ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकी हमले को लेकर जो फेक नैरेटिव गढ़े जा रहे हैं, उनका करारा जवाब ज़मीन से दिया जाएगा जनता को सच से जोड़कर।


क्या है यात्रा का मकसद?

भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम का संदेश हर नागरिक तक पहुंचाना।

राष्ट्रीय सुरक्षा के मसले पर सरकार के निर्णयों के लिए जनसमर्थन जुटाना।

देश में राष्ट्रगौरव और एकता की भावना को और प्रखर करना।

Bihar चुनाव 2025 से पहले सियासी माहौल को राष्ट्रवाद की भावनाओं से भर देना।


किनके कंधों पर है यात्रा की कमान?

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस महाअभियान की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।

डॉ. संबित पात्रा

विनोद तावड़े

तरुण चुग

जिनके नेतृत्व में यह यात्रा हर गाँव, हर गली तक तिरंगे की आभा लेकर पहुंचेगी।


बेंगलुरु बना था शुरुआत की गवाही

रविवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में इस यात्रा की पहली झलक देखने को मिली।

केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे, विपक्ष के नेता चलवडी नारायणस्वामी और BJP कार्यकर्ताओं ने शहर की सड़कों पर तिरंगा लहराया।

करंदलाजे ने दो टूक कहा -भारत आतंकवाद से लड़ रहा है। पाकिस्तान ने पहलगाम में निर्दोषों का ख़ून बहाया। हमारे जवानों ने साहस और सटीकता के साथ जवाब दिया।अब समय है देश के साथ एकजुट खड़े होने का।”

करंदलाजे ने आगे कहा“पाकिस्तान कभी भरोसे के काबिल नहीं रहा। वह आतंकवाद का निर्यात करता है, तकनीक का नहीं। संघर्ष विराम का उल्लंघन उसके डीएनए में है। दुनिया अब उसे पहचान चुकी है।”


अब बारी पूरे देश की

BJP अब चाहती है कि बेंगलुरु की तरह पूरे देश में इसी तरह की तिरंगा यात्राएं निकलें।

इस दौरान ऑपरेशन सिंदूर की वीरगाथा जनता को सुनाई जाएगी।

सीजफायर पर विपक्ष के सवालों का मैदान में उतरकर जवाब दिया जाएगा।

अमेरिकी दबाव में झुकने जैसे आरोपों का सच सामने रखा जाएगा।


बिहार पर BJP की खास नज़र-

इस यात्रा का एक बड़ा राजनीतिक मकसद भी है। बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव।

BJP इस यात्रा को राष्ट्रवाद की भावना से जोड़कर बिहार की ज़मीन पर माहौल बनाना चाहती है। संदेश साफ है: जब सवाल देश की सुरक्षा का हो, तो सियासत नहीं, एकता चाहिए।


जब तिरंगे के साथ निकलेगी देशभक्ति की लहर,

तो हर दिल कहेगा जय हिंद, जय भारत।